मशहूर कॉमेडियन-अभिनेता जगदीप ने कहा कि भारतीय सिनेमा 100वीं वर्षगांठ मना रहा है और उन्होंने इसमेें 64 साल का सफर तय किया है। इस दौरान बॉलीवुड में अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। पुराने समय में लोग जहां कामयाबी को आपस में बांटा करते थे, वहीं अब काफी बदलाव आया है। वर्तमान में कॉमेडी का स्तर भी काफी गिर गया है।
वे शनिवार को सांगवान चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जगदीप इन दिनों हरियाणा के दौरे पर हैं और एक एनजीओ राव चांद सिंह मैमोरियल ट्रस्ट एवं प्रकाश इंटरटेनमेंट द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्राइड आफ हरियाणा कार्यक्रम के प्रमोशन के सिलसिले में सिरसा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वे 64 साल में 300 से ज्यादा फिल्माें में काम कर चुके हैं।
उन्होंनें कहा कि पुराने दौर में फिल्में समाज को कोई न कोई खास संदेश देती थी लेकिन आज फिल्मों में सकारात्मक संदेश नहीं होता है। यही बुनियादी फर्क है गुजरे दौर के और आज के सिनेमा में। कॉमेडी के बारे में उन्होंने कहा कि आज की कॉमेडी दिशा से भटकी हुई है। अब अच्छे जोक्स खत्म होते जा रहे हैं और उनके स्थान पर गंदे व फूहड़ जोक्स आ गए हैं। आज के कॉमेडियन को जो भी लिखकर दे दिया जाता है, वह उसी को पढ़ देते हैं। इस अवसर पर उन्होंने शोले फिल्म के डायलॉग भी बोलकर सुनए। इस अवसर पर उन्होंने फिल्मी जगत से जुड़ी अपनी यादों को भी साझा किया।
सिरसा में 13-14 नवंबर को होगा ऑडीशन
राव चांद सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के ट्रस्टी धीर सिंह सरपंच ने कहा कि हरियाणा के युवाओं को मंच प्रदान करने के लिए उनका ट्रस्ट प्राइड आफ हरियाणा कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। यह दो चरणों में होगा। इसमें एक्टिंग, डांसिंग, सिंगिंग और मिस्टर एंड मिस हरियाणा के लिए चार श्रेणी में टैलेंट हंट कंपीटीशन आयोजित किया जाएगा। 13 और 14 नवंबर को सिरसा में ऑडिशन लिए जाएंगे।