सिरसा जिले के एक गांव से एक विवाहिता का अपहरण करके दो दिनों तक उससे गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। जैसे-तैसे आरोपियों के चंगुल से भागकर आई युवती ने परिजनों को सारा वाकया बताया तो घरवालों के होश्ा उड़ गए। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, रामवती (परिवर्तित नाम) ने बताया कि पांच फरवरी को वह अपने घर के पास खड़ी थी, तभी बाइक पर सवार चार युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता उसे एक खेत में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुराचार किया। उसके बाद आरोपी उसे अपने साथ ले गए और दो दिन तक उसके साथ गैंगरेप किया।
वह किसी प्रकार उनके कब्जे से भागकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। परिजनों ने रोड़ी थाने में शिकायत की। इस पर पुलिस ने रामवती का मेडिकल जांच करवाया। मेडिकल रिपोर्ट के बाद पुलिस ने सोमवार शाम को गांव फग्गू निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र नाजर सिंह, सिंगारा सिंह पुत्र सुखदेव सिंह और मौनी पुत्र दर्शन सिंह तथा गांव रोड़ी निवासी तारी के खिलाफ मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी।
जांच अधिकारी एएसआई छबीलदास का कहना है कि आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।