दिल्ली-जयपुर हाईवे 48 के हरियाणा-राजस्थान सीमा के रेवाड़ी स्थित खेड़ा बॉर्डर पर 15 दिन से कड़ाके की ठंड के बीच किसान कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। इनमें से एक किसान पंजाब के कपूरथला के मकसूदपुर निवासी सरदार सतनाम सिंह भी हैं। रविवार को सतनाम सिंह किसानों को गर्म पकड़े वितरित करते हुए दिखाई दिए।
जब सतनाम से पूछा गया कि कपड़े कहां से आए हैं तो उन्होंने बताया कि उनकी बेटियां गुरप्रीत कौर और तलविंदर कौर अमेरिका में रहती हैं। उन्होंने टीवी पर मुझे ठंड के बीच धरने पर बैठे देखा तो 10 लाख रुपये की कीमत के गर्म कपड़े भिजवा दिए।
सतनाम सिंह ने बताया कि उनकी बेटियों का कहना है कि खेती की बदौलत ही वे आज अमेरिका में रह रही हैं, ऐसे में आज जब किसान पिता मुश्किल में है तो हमारा फर्ज है कि हम उनकी मदद करें। सतनाम सिंह ने ट्रक में भरकर भेजे गए गर्म कपड़ों को सभी किसानों को वितरित किया ताकि खेती बचाने के लिए चल रहे आंदोलन में बैठे किसान ठंड से बच सकें।
सरदार सतनाम ने बताया कि खेती से की गई कमाई से ही बेटियों को अमेरिका भेजा था। आज दोनों बेटियां वहीं सेटल्ड हैं और उनका कहना है कि किसानों की मदद के लिए हर संभव मदद करेंगी। हरियाणा-राजस्थान सीमा पर 13 दिसंबर से राजस्थान, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र सहित अनेक राज्यों से आए किसान धरने पर बैठे हुए हैं। एनआरआई बेटियों ने किसानों के लिए गर्म कपड़ों के साथ ही साबुन-तेल भी भिजवाया है।