हरियाणा के नारनौल में नई अनाज मंडी, नारनौल में अज्ञात बदमाशों के पैसे छीनने के उद्देश्य से व्यापारी पर हमले के मामले में 72 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। इससे व्यापारियों में रोष है।
वीरवार को अनाज मंडी के दौरे पर आए स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह और डीएसपी जयपाल सिंह को व्यापारियों ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम देकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो व्यापारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
सब्जी मंडी के प्रधान अजीत सैनी, व्यापारी नेता बजरंग लाल अग्रवाल, गोविंद राम मित्तल, सैनी सभा के प्रधान भगवान दास सैनी, अग्रवाल सभा के प्रधान धर्मेंद्र भोजावासिया, गोशाला के प्रधान रामकुमार भोजावासिया, परशुराम कंछल ने स्वास्थ्य मंत्री और डीएसपी को बताया कि जिले में व्यापारियों से लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही हैं।
मामलों का खुलासा न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इसी का परिणाम है कि 28 अक्तूबर की रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने नई मंडी में दुकान से पैसों का हिसाब-किताब लेकर जा रहे व्यापारी बिशन कुमार मित्तल को लूटने का प्रयास किया।
असफल रहने पर बदमाशों ने व्यापारी के सिर पर बोतल से हमला कर दिया। यदि आसपास के लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो उनकी हत्या भी हो सकती थी।
स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह ने डीएसपी को निर्देश दिए कि इस मामले में तेजी लाकर बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा पुलिस चोरी और अन्य घटनाओं को रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं।
उपपुलिस अधीक्षक जयपाल सिंह ने बताया कि तीन दिनों से छुट्टी पर थे। उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। वे मामले की पूरी जानकारी हासिल कर अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास करेंगे।