बादशाहपुर के 220 केवी सब स्टेशन में बृहस्पतिवार की रात को एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों ने धावा बोलकर लाखों का माल उड़ा लिया। आरोपियों ने मौके पर मौजूद दो कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर वारदात को अंजाम दिया। बादशाहपुर थाना पुलिस ने कार्यकारी अभियंता के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
बिजली विभाग के अधिकारी के अनुसार, बदमाशों ने दो बंडल कॉपर, जिसका वजन करीब 250 किलो से ज्यादा है। बिजली लाइन में प्रयोग होने वाले कई तरह के विशेष उपकरण जिनमें कॉपर लगा होता है और लाइन लॉस के चलते जली हुई कॉपर केबल के करीब 300 किलो के तार को लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी के बाद बादशाहपुर व भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पर छानबीन के बाद बादशाहपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी भारी मात्रा में सामान होने की जानकारी विभागीय लोगों के पास हो सकती है। ऐसे में इस काम में किसी विभागीय व्यक्ति का हाथ होना संभव है। एचवीपीएन के कार्यकारी अभियंता के बयान पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।