सामान्य अस्पताल के सामने रविवार सुबह ट्राले और ट्रक के बीच हुई भिड़ंत में ट्रक सवार बरनाला निवासी रमेश और काला की मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि काला की गर्दन धड़ से अलग होकर दस फुट दूर जाकर गिरी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बरनाला की गांधी बस्ती निवासी ट्रक चालक बलविंदर अपने साथी रमेश और काला के साथ फरीदाबाद से तार के बंडल भरकर बरनाला जा रहा था। रविवार सुबह उनका ट्रक सामान्य अस्पताल के सामने जींद-गोहाना मार्ग पर खड़े ट्राले से जा टकराया। इससे ट्रक सवार रमेश और काला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक बलविंदर बाल-बाल बच गया और वहां से भाग गया।
घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे शवों को क्रेन की सहायता से बाहर निकाला। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि काला की गर्दन धड़ से अलग होकर दस फुट दूर जाकर गिरी।
मृतक रमेश के पिता हीरालाल ने बताया कि रमेश, काला और ट्रक चालक बलविंदर के बीच गहरी दोस्ती थी। रमेश और काला मजदूरी करते थे।
बलविंदर दोनों को घुमाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। रविवार सुबह उन्हें हादसे के बारे में पुलिस से सूचना मिली। पुलिस ने मृतक रमेश के पिता की शिकायत पर ट्रक चालक और ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।