धान के अवशेष जलाने से उठने वाले धुएं के कारण शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही अवशेष को आग लगाने वाले किसान के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई करेगी।
गांव प्रताननगर स्थित ढाणी बाजीगर निवासी जसवंत सिंह (19) पुत्र जगतार सिंह और गुरदास सिंह (15) पुत्र राज सिंह शुक्रवार को बाइक पर गांव अमृतसर कलां से प्रतापनगर आ रहे थे। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली उनकी बाइक से जा टकराई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल के पास खेत में धान के बचे अवशेषों को जलाया जा रहा था। अधिक धुएं के कारण बाइक सवार युवकों को दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक ट्रॉली से जा टकराई। हादसे के बाद गांव अमृतसर कलां के सरपंच कोमल सिंह आदि मौके पर पहुंचे और पुलिस और स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति जायजा लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मृतक जसवंत के पिता जगतार सिंह की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक खैरत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करके ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है पर चालक अभी फरार है। उन्होंने बताया कि पुलिस खेत में आग लगाने वाले किसान के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी।