गिरा हुआ पोल अमन के पेट पर लगा, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आई। बताया गया कि बास्केटबॉल पोल काफी समय से जर्जर अवस्था में था और अचानक टूटकर गिर गया। अमन को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया।
परिवार का आरोप है कि वहां समय पर इलाज न मिलने से उसकी हालत बिगड़ती चली गई। आखिरकार सोमवार रात अमन ने दम तोड़ दिया। अमन की मौत ने पूरे बहादुरगढ़ में खेल प्रेमियों और समाजसेवियों में रोष पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि जर्जर खेल संरचना और विभागीय लापरवाही ने एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी की जान ली है।
समाजसेवी राजकुमार अरोड़ा ने कहा कि यह मौत स्पष्ट रूप से लापरवाही का परिणाम है। विभागीय उदासीनता के कारण एक खिलाड़ी की मौत हो गई। परिवार टूट गया है। इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई अनिवार्य है। लोगों ने मांग की है कि स्टेडियम में सभी खेल उपकरणों और संरचनाओं की तकनीकी जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
रोहतक में भी बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत
रोहतक में भी कुछ इसी तरह का हादसा हुआ। यहां भी प्रैक्टिस के दौरान बॉस्केटबॉल खिलाड़ी के सीने में टूटकर बास्केट बॉल का पोल गिर गया। कलानौर में ग्रामीणों ने प्रैक्टिस के बास्केट बॉल कोर्ट बताया था। प्रैक्टिस करते वक्त हार्दिक राठी का हाथ नेट में फंस गया। खिलाड़ी के नीचे आते ही बीच से पोल टूट गया और वह सीधे सीने पर आ गिरा। हार्दिक दो बार नेशनल सब जूनियर खेल चुका था। एक बार यूथ नेशनल चैंपियनशिप में भी खिलाड़ी भाग ले चुका था। खिलाड़ी का चयन इंदौर स्थित राष्ट्रीय बॉस्केटबॉल अकादमी के लिए भी हो चुका था। हरियाणा से सिर्फ दो ही खिलाड़ी अकादमी के लिए चयनित हुए थे।