एक फरवरी से लगने वाले सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले की तैयारियाें ने जोर पकड़ लिया है। इस संबंध में शुक्रवार को हरियाणा पर्यटन निगम की प्रबंध निदेशक सुमिता मिश्रा सिंह ने मैगपाई पर्यटन केंद्र के सभागार में जिला प्रशासन के साथ बैठक की।
उन्हाेंने कहा कि मेले की टिकट काउंटरों के अलावा प्रमुख शॉपिंग मॉलों पर भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मेला दर्शकों को आसानी होगी। उन्होंने पुलिस आयुक्त एएस चावला को मेले के दौरान पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करवाने व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ-साथ पुलिस प्रशासन द्वारा भी अपना एक विभागीय नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में चावला ने मौके पर ही एसीपी पूनम दलाल को पुलिस विभाग की ओर से अपना नोडल अधिकारी नियुक्त किया। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम धर्मेंद्र सिंह व पर्यटन विभाग की ओर से राजेश जून को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। डीटीपी(इंफोर्समेंट) को सभी नोडल अधिकारियों की सहायता के लिए लगाया गया है।
इस मौके पर बिजली, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, परिवहन, स्वास्थ्य, एंबुलेंस व अन्य सभी आवश्यक जन सुविधाओं के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं। शिक्षा विभाग को मेले में छात्र-छात्राओं की विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त सुनीता वर्मा, हुडा के संपदा अधिकारी सतपाल सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट मनीशा शर्मा सहित जिला प्रशासन व पर्यटन निगम कई अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद सुमिता मिश्रा ने मेला परिसर का दौरा किया। उल्लेखनीय है कि इस बार मेेले का थीम स्टेट गोवा एवं कंट्री पार्टनर श्रीलंका है।
उधर, मेले में मीडिया से संबंधित अव्यवस्थाओं को लेकर न्यूज पेपर्स एसोसिएशन ने शुक्रवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उपायुक्त से कहा गया कि हर बार सूरजकुंड मेले में समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।