गांव अहिरका के पास जींद-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार रात तेल टैंकर और स्विफ्ट कार के बीच टक्कर में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे पीजीआई ले जाया गया।
कार सवार लोग पूजा के लिए वृंदावन जा रहे थे। हादसे के बाद चालक टैंकर को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव अहिरका के पास वीरवार रात को स्विफ्ट कार और तेल टैंकर के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। जिसमें कार सवार गांव बद्दोवाला निवासी सतपाल, मनीष और गांव दबलैन निवासी रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार नरवाना निवासी सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों और लोगों ने कार में फंसे शवों व घायल को निकाला और सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने सुनील की हालत गंभीर देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
मृतकों के परिजनों ने बताया कि चारों में गहरी दोस्ती थी। हर माह परिक्रमा के लिए चारों वृंदावन जाते थे। वीरवार रात को चारों कार से वृंदावन के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर टैंकर को कब्जे में ले फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि फरार टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। टैंकर को कब्जे में लेकर टैंकर मालिक से संपर्क किया गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।