महेंद्रगढ़ शहर के एक ऑटोमोबाइल शोरूम से नई इलेक्ट्रिक कार चोरी हो गई है। शोरूम के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने शोरूम के ही सफाई कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शोरूम के शाखा प्रबंधक ने पुलिस को दी जानकारी
शोरूम के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लांबी अहीर तहसील बुहाना जिला झुंझुनू का रहने वाला है और महेंद्रगढ़ स्थित एक ऑटो मोबाइल शोरूम में बतौर शाखा प्रबंधक तैनात है।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा सफाई कर्मचारी
शोरूम में रविंद्र निवासी बुडीन को सफाई कर्मचारी लगाया हुआ था। शोरूम की एक चाबी रविंद्र के पास रहती थी। आठ मार्च को वह अवकाश पर था और सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी करके अपने-अपने घर पर चले गए थे। शाखा प्रबंधक ने अपने घर पर बैठे-बैठे अपने फोन से जुड़े हुए शोरूम व वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी कैमरा को चेक किया तो सफाई कर्मचारी रविंद्र शोरूम के वर्कशॉप की चाबी से ताला खोला और वर्कशॉप से एक नई गाड़ी बिना पंजीकरण टाटा पंच इलेक्ट्रिक चोरी करके ले जाता हुआ दिखाई दिया। उसने इसकी सूचना हेड ऑफिस नारनौल के जनरल मैनेजर मंजीत सिहं राठौड़ को दी।