हरियाणा में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को दक्षिण हरियाणा के कुछ इलाकों में पारा 37 डिग्री पार कर गया है। महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री दर्ज किया गया है। रात का तापमान भी 20 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। अंबाला में रात का तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गर्मी से राहत की थोड़ी गुंजाइश बन रही है।
येलो अलर्ट जारी
राज्य के कुछ इलाकों में 14 से 16 मार्च के बीच धूलभरी आंधी के साथ बारिश की संभावना बन रही है। इससे एक से तीन डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग की ओर से इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
होली के बाद तेजी से बढ़ रहा दिन का तापमान
हरियाणा में होली के बाद से दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। दक्षिण हरियाणा के कुछ जगहों पर गर्म हवाएं भी चली हैं। वहीं, रात का तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अब मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
14 मार्च को उत्तर भारत के कुछ इलाकों में चक्रवाती हवाओं का मौसमी सिस्टम बनेगा। एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होगा और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं आने से मौसम में बदलाव आएगा। कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी चल सकती है। साथ ही हल्की बारिश की संभावना भी बन रही है। इससे गर्मी में कुछ राहत मिलने की संभावना है।
औसत तापमान 32 डिग्री से अधिक
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। अंबाला में 32.2 डिग्री, नारनौल में 36.8, हिसार में 36.2, भिवानी में 35 डिग्री, मेवात में 34.6, रोहतक में 33.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।