हरियाणा में भोडियाखेड़ा आईटीआई के विद्यार्थियों ने बसों की समस्या के लिए सोमवार सुबह संस्थान के सामने रोड जाम किया। विद्यार्थियों ने फतेहाबाद-भट्टूकलां रोड पर धरना देकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों को जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इसके बाद रोडवेज के इंस्पेक्टर राजकुमार ने मौके पर पहुंचे।
उन्होंने विद्यार्थियों को बसों की समस्या का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। छात्रों की अगुवाई कर रहे सुमित गुर्जर, राधेश्याम, मुकेश कुमार, अमन ताखर, विक्रमजीत, बजरंग लाल, रवि, मनीष, अशोक ढाका, धर्मबीर, विकास और विक्रम बिश्नोई ने बताया कि आईटीआई भोडियाखेड़ा गांव के पास ही है।
संस्थान के एक तरफ महिला कालेज का बस अड्डा और दूसरी तरफ गांव का अड्डा है। यदि वे गांव के बस अड्डे पर जाकर खड़े होते हैं तो ग्रामीण उनका विरोध करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विद्यार्थी गांव के बस अड्डे से बैठेंगे तो लोगों को बस में जगह नहीं मिलेगी।
महिला कालेज के अड्डे पर खड़े होते हैं तो पुलिस कर्मी मना कर देते हैं। वे कहते हैं कि छात्र वहां खड़े होकर गलत हरकतें करते हैं। वे अपने अड्डे पर खड़े होकर बस रोकने की कोशिश करते हैं तो चालक बस नहीं रोकते। बस चालकों का जवाब होता है कि जगह जगह अड्डे बना रखे हैं।
इस परेशानी के चलते आईटीआई के विद्यार्थियों को दिक्कत होती है। आईटीआई में छात्राएं भी पढ़ती हैं। उन्हें भी काफी परेशानी हो रही है। घंटों तक बस के इंतजार में अड्डे पर खड़े रहना पड़ता है और किराया देकर ऑटो के जरिए फतेहाबाद जाना पड़ता है। ऐसे में भट्टूकलां की तरफ जाने वाले विद्यार्थियों को दिक्कत होती है। रोडवेज के इंस्पेक्टर राजकुमार ने विद्यार्थियों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया।