हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की बारहवीं की उत्तर पुस्तिकाओं के
मूल्यांकन का बहिष्कार कर रही हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के
मानने के बाद लाखों विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।
वीरवार
को वित्तायुक्त डॉ. सुरीना राजन के साथ पंचकूला शिक्षा सदन में हुई बातचीत
में मांगों पर सहमति बन गई है। अब स्कूल लेक्चरर शुक्रवार से पेपर चेक करना
शुरू कर देंगे। हालांकि अब बोर्ड के सामने समय पर रिजल्ट घोषित करना एक
बड़ी चुनौती है, जिसे पार करने में प्राध्यापकों ने छुट्टी वाले दिन भी
मार्किंग करने का फैसला लिया है। बोर्ड कर्मचारियों को भी अतिरिक्त कार्य
करने के निर्देश दिए गए हैं।
सात नवंबर से साढ़े 12 हजार स्कूल
प्राध्यापकों ने 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का बहिष्कार किया
हुआ है। बोर्ड ने 25 दिसंबर को रिजल्ट घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया
था, लेकिन बहिष्कार की वजह से अब यह पाना काफी कठिन है। 12वीं के 3.65 लाख
बच्चों का रिजल्ट मार्किंग नहीं होने से रुका हुआ है। इनमें 2.68 लाख के
करीब बच्चे नियमित और 97 हजार से अधिक विद्यार्थी री अपीयर के शामिल हैं।
इस काम में लगभग डेढ़ माह का समय चाहिए। अब यदि मार्किंग तेजी से की जाती
है तो रिजल्ट दिसंबर की बजाय जनवरी के पहले सप्ताह में आने की संभावना है।
मूल्यांकन केंद्रों पर ही होगी मार्किंग
हरियाणा
स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दयानंद दलाल और भिवानी जिला के
अध्यक्ष रमेश मल्हान ने कहा कि समय पर रिजल्ट आ सके इसके लिए उन्होंने
छुट्टी वाले दिन के अलावा हर रोज अतिरिक्त समय मार्किंग करने का निर्णय
लिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के कॅरियर को वे प्रभावित नहीं होने
देंगे। उन्होंने बताया कि मार्किंग मूल्यांकन केंद्रों पर ही की जाएगी।
इससे पहले बोर्ड ने घर पर भी मार्किंग करने की छूट दी थी।
मार्किंग के साथ शुरू होगी रिजल्ट तैयारी की प्रक्रिया
हरियाणा
विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. केसी भारद्वाज ने बताया कि मार्किंग
के अवार्ड मिलने के साथ ही हर रोज रिजल्ट तैयार करने के लिए पोस्ट कर दिया
जाएगा। इससे पहले पूरी मार्किंग के बाद ही अवार्ड पोस्ट किए जाते थे।
इसलिए रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया मार्किंग के साथ-साथ जारी रहेगी
जिससे समय बचेगा और समय पर रिजल्ट घोषित करने का हर संभव प्रयास किया
जाएगा।