हरियाणा के जिला रोहतक में फेस्टिवल सीजन में पुलिस चौकस नजर आएगी। रोहतक रेंज के पुलिस कप्तानों के साथ वीरवार को पुलिस महानिरीक्षक अनिल राव ने बैठक कर कई दिशा-निर्देश दिए।
आईजी ने कहा कि शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत प्राथमिकी दर्ज करे और अनसुलझे मामलों को निपटाए। इन मामलों की समीक्षा कर अगर जरूरत है तो जांच अधिकारी भी बदलें।
उन्होंने कहा कि रात्रि के समय थाने के स्टाफ में से ही एक विशेष दस्ता अलर्ट रहे ताकि जरूरत पड़ने पर उसे मौके पर भेजा जा सके।
आईजी अनिल राव ने रोहतक, सोनीपत, पानीपत और झज्जर के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। आईजी ने रेंज पुलिस की ओर से अपराधों को रोकने के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की और अनसुलझे मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षकों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने गो तस्करी रोकने पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
त्योहारों के मद्देनजर पुलिस महानिरीक्षक ने सुरक्षा बढ़ाने को कहा है। सार्वजनिक स्थानों से लेकर होटल, धर्मशालाओं और अन्य ठहरने के स्थानों की विशेष निगरानी रखने की हिदायत दी।
आईजी ने कहा कि सादी वर्दी में भी पुलिस इन स्थानों पर नजर रखे। बैठक में रोहतक के पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल, सोनीपत के अरुण नहरा, पानीपत की पारुल कुश जैन और झज्जर से पुलिस अधीक्षक विकास धनखड़ मौजूद रहे।