गोहाना। गुढ़ा मोड़ से आगे रोहतक रोड पर दो युवकों को रोककर हमला करने व एक के पेट में चाकू मारने का मामला सामने आया है। युवक गांव रभड़ा से शहर में साथी के साथ मोबाइल फोन लेने आया था। युवक को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल से बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। शहर थाना में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव रभड़ा निवासी किसान महेश ने पुलिस को बताया कि वह गांव के साथी जगबीर के साथ बाइक पर गोहाना अपना मोबाइल लेने आए थे। दुकान बंद मिली तो वह रोहतक रोड से अपने गांव वापस जा रहे थे। जब वह ड्रेन के निकट गुढ़ा मोड़ से आगे पहुंचे तो एक युवक रोड के बीच में खड़ा था।
वह अचानक सामने आया और उनकी बाइक रुकवा ली और उनके साथ मारपीट करने लगा। साथ में खड़े दो युवक और आ गए। इसके बाद तीनों ने मिलकर उनसे मारपीट की। एक युवक ने जेब से चाकू निकाल कर उनके पेट में घोंप दिया। जब दोनों ने शोर मचाया तो तीनों हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उन्हें अस्पताल लेकर जाया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।