छात्र सम्मेलन को संबोधित करते पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली।
गोहाना। भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से सेक्टर-7 स्थित कम्युनिटी सेंटर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती एवं स्मरण पखवाड़ा (23 जून से 6 जुलाई) के तहत छात्र सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में युवाओं से राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने और डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रवाद, अखंडता और शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। युवा वर्ग राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए और समाज की सेवा के लिए आगे आए।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और सेवा की मिसाल है। उनके विचार आज भी देश की एकता और विकास के लिए प्रासंगिक हैं। सम्मेलन में उपस्थित युवाओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, भाजपा गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक व अन्य वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने भाग लिया।