गन्नौर। शहर के हरिनगर में परचून की दुकान चलाने वाले युवक को फोन कर बुलाने के बाद अगवानपुर रोड स्थित राजपुरा माइनर के निकट रास्ते पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक को तीन गोली लगी मिली है। युवक की बाइक मौके पर ही मिली है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया है। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करेगी।
मूलरूप से गांव सैंयाखेड़ा का रहने वाला विजय (28) फिलहाल गन्नौर के हरिनगर में रहता है। वह हरिनगर में ही परचून की दुकान चलाता है। बताया गया है कि रविवार शाम को वह दुकान पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया था। उसके बाद वह बाइक लेकर दुकान से चला गया। बाद में देर शाम उसका शव अगवानपुर गांव की तरफ राजपुरा माइनर के निकट रास्ते पर पड़ा मिला। उसके चेहरे, आंख तथा अन्य स्थानों पर तीन से चार गोली मारी गई है। राहगीरों ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही गन्नौर थाना प्रभारी बदन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से तीन खोल भी बरामद किए हैं। वहीं पुलिस ने मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया है। एफएसएल की टीम मौके पर सबूत जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों क बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि एक युवक बाइक पर सवार होकर आया था। जिसके बाद विजय का शव ही पड़ा मिला। पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है।
वर्जन
युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। युवक को गोलियां मारी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता लग सकेगा कि युवक को कितनी गोली लगी है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। युवक परचून की दुकान चलाता था। एफएसएल की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए जा रहे हैं।
बदन सिंह, थाना प्रभारी गन्नौर।