गन्नौर। जीटी रोड पर सोमवार तड़के बड़े औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के पास हुए सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के चितकारा निवासी सुनील (29) की मौत हो गई। थाना बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मृतक सुनील अपने कैंटर चालक अवनीश कुमार और अन्य लोगों के साथ करनाल से मदर डेयरी का दूध लेकर दिल्ली जा रहे थे। बड़े औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के गेट के पास उनके कैंटर का टायर पंक्चर हो गया। उन्होंने कैंटर को सड़क किनारे खड़ा कर जैक लगाने का प्रयास किया।
इस दौरान एक साथी पीछे से आने वाले वाहनों को बैटरी लाइट से सावधान कर रहा था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उनके खड़े कैंटर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के पास खड़े सुनील को भी टायर के नीचे रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कैंटर को सड़क किनारे करवाया।
वर्जन
पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। चालक अवनीश कुमार की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश कर रही है।
रविंद्र सिंह,पुलिस प्रवक्ता
-