सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग के सोनीपत स्टेशन पर वीरवार सुबह रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
जीआरपी से जांच अधिकारी सरिता देवी ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे सोनीपत स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो अपलाइन पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मृतक की पहचान बिहार के जिला कैमूर के गांव जवेरी निवासी 18 वर्षीय डब्ल्यू कुमार के रूप में हुई। जांच अधिकारी ने बताया कि डब्ल्यू कुमार अपने साथियों के साथ काम की तलाश में सोनीपत आया था। मालवा एक्सप्रेस से प्लेटफार्म नंबर दो पर उतरने के बाद प्लेटफार्म नंबर एक पर जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी पीछे से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक शादीशुदा बताया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर उनके जीजा दीप कुमार व साथी सुनील कुमार को सौंप दिया है।