संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। अमेरिका भेजने और वहां नौकरी दिलाने का झांसा देकर 45 लाख रुपये ठगने और युवक को ब्राजील भेजकर कथित तौर पर मानव तस्करों के हवाले करने का मामला सामने आया है। गांव रामनगर निवासी राहुल की शिकायत पर बड़ी थाना पुलिस ने झज्जर निवासी संजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। राहुल का आरोप है कि उसे बाद में कथित तौर पर अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचाया गया, जहां वह छह माह से अधिक समय तक हिरासत में रहा।
राहुल के अनुसार गुरुग्राम में उसकी मुलाकात संजय से हुई थी। संजय ने अमेरिका भेजने के साथ अच्छी नौकरी और अधिक आय का भरोसा दिया। उसके झांसे में आकर राहुल के पिता ने जमीन बेच दी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, संजय ने अमेरिका भेजने के नाम पर करीब 45 लाख रुपये लिए, जिनमें अधिकांश रकम नकद दी गई। 14 अगस्त 2024 को उसे भारत से ब्राजील भेज दिया गया। बड़ी थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
ईसाई बनने के लिए दबाव डालने का आरोप : शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विदेश में उस पर धर्म परिवर्तन कर ईसाई बनने का दबाव बनाया गया और कहा गया कि इससे उसे अमेरिका की नागरिकता जल्दी मिल सकती है।