संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) ने युवा पहलवानों को प्रोत्साहन देने की जूनियर ट्रायल प्रतियोगिताओं के लिए नए अवसरों का एलान किया है। अब सीनियर रैंकिंग सीरीज-2026 में पदक जीतने वाले अंडर-20 पहलवान भी जूनियर ट्रायल में भाग ले सकेंगे।
भारतीय कुश्ती संघ की तरफ से जूनियर ट्रायल प्रतियोगिताएं 3 जून को आयोजित की जाएंगी। महिला वर्ग की ट्रायल प्रतियोगिता नई दिल्ली में जबकि पुरुष वर्ग की फ्रीस्टाइल व ग्रीको रोमन वर्ग की ट्रायल प्रतियोगिता लखनऊ में होंगी।
कुश्ती विशेषज्ञ संजीत का मानना है कि यह निर्णय युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का बड़ा मंच प्रदान करेगा। इससे उन खिलाड़ियों को भी फायदा मिलेगा जो कम उम्र में ही सीनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
खेल जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि जूनियर और सीनियर वर्ग के बीच अनुभव का यह समन्वय भारतीय कुश्ती को और अधिक मजबूत बनाएगा। युवा पहलवानों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलने से भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद भी बढ़ेगी। कोचों और खिलाड़ियों ने भारतीय कुश्ती संघ के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रतिभाओं को आगे लाने वाला सकारात्मक कदम बताया है। उनका कहना है कि इससे नई पीढ़ी के पहलवानों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का बेहतर अवसर मिलेगा। कुश्ती प्रेमियों की नजरें अब 3 जून को होने वाली ट्रायल प्रतियोगिताओं पर टिकी हैं।