गोहाना। आढ़ती को युवक को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। जींद रोड फ्लाईओवर के पास से लिफ्ट लेने वाले ने युवक ने आढ़ती की जेब से एक लाख रुपये निकाल लिए। आढ़ती के बयान पर पुलिस ने रोहतक की कैलाश कॉलोनी निवासी रमेश व उसका साथी जींद का रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-7 निवासी हरपाल सिंह की जींद रोड पर स्थित नई अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह 26 मई को घर से एक लाख रुपये लेकर बाइक पर सवार होकर दुकान पर जा रहे थे। रुपये उन्होंने कमीज की जेब में रखे हुए थे। जब वह जींद रोड स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी।
वह युवक को लिफ्ट देकर दुकान की ओर बढ़े तो उनके पीछे एक व्यक्ति ऑटो लेकर चलने लगा। मंडी के गेट पर पहुंचने पर युवक ने बाइक रुकवाई और उतर कर ऑटो में चालक के साथ वाली सीट पर बैठ गया। वह खुद ऑटो चलाने लगा। उन्होंने देखा कि उनकी जेब में रुपये नहीं हैं। उन्होंने बाइक से ऑटो का पीछा किया और उसका नंबर नोट किया। इसके बाद दोनों ऑटो को तेज गति में भगा ले गए।
उन्होंने कई दिन तक पड़ताल की तो ऑटो का चालक रोहतक की कैलाश कॉलोनी निवासी रमेश व उसका साथी जींद का रविंद्र निकले। अब उनकी शिकायत पर दोनों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम उनकी तलाश कर रही है।