सोनीपत। फरवरी-मार्च में होने वाली हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा को लेकर इस बार पहचान सत्यापन के नियम और सख्त कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों को अब परीक्षा केंद्रों में प्रवेश आधार कार्ड और प्रवेशपत्र में लगे फोटो के मिलान के बाद ही मिल सकेगा। ऐसा नहीं होने पर विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने बोर्ड परीक्षाओं से पहले शिक्षा विभाग को निर्देश जारी किए हैं कि सभी विद्यार्थियों के आधार कार्ड में वर्तमान और स्पष्ट फोटो अपडेट करवाई जाए। निदेशालय की ओर से भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में एक ही फोटो होना अनिवार्य है ताकि पहचान को लेकर किसी प्रकार का विवाद या अव्यवस्था न हो।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की तरफ से कक्षा 10वीं की परीक्षा 25 फरवरी से 20 मार्च तक और कक्षा 12वीं की परीक्षा 26 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। फिलहाल विद्यालयों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं चल रही हैं जो 2 से 16 फरवरी तक संपन्न होंगी। इसके बाद सैद्धांतिक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
25 फरवरी से पहले आधार अपडेट कराने का लक्ष्य
जिला शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देश दिए हैं कि वह परीक्षा से पूर्व यह सुनिश्चित करें कि कक्षा 10वीं और 12वीं के सभी विद्यार्थियों का आधार कार्ड अपडेट है। 25 फरवरी से पहले आधार में फोटो अपडेट कराने का लक्ष्य तय किया गया है। इसकी निगरानी की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्राचार्यों को सौंपी गई है।
709 राजकीय विद्यालय संचालित
जिले में कुल 709 राजकीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 75 राजकीय उच्च विद्यालय और 135 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा जिले के चार निजी विद्यालयों में भी हरियाणा शिक्षा बोर्ड के तहत पढ़ाई हो रही है।
पहले भी बनती रही है परेशानी
शिक्षा विभाग के अनुसार पूर्व वर्षों में कई बार परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में अलग-अलग फोटो होने के कारण पहचान सत्यापन में दिक्कत आई है। कई विद्यार्थियों को केंद्र में प्रवेश के लिए अतिरिक्त जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जिससे तनाव की स्थिति बनी। इसी से बचने के लिए इस बार पहले से ही सख्त कदम उठाए गए हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं से पहले सभी विद्यार्थियों का आधार कार्ड अपडेट होना अनिवार्य है। आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में फोटो एक समान होना चाहिए। इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधनों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षा के समय विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत