संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से तैयारियां शुरू कर दी गई है। आयुष विभाग की तरफ से 18 मई से तीन दिवसीय योग प्रोटोकाॅल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डाॅ. राम अवतार ने बताया कि नोडल अधिकारी डॉ. संजय शर्मा की देखरेख में आयुष विभाग सोनीपत की तरफ से सरकारी व निजी स्कूलों के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता, पीटीआई, डीपीई के लिए शिविर का आयोजन हैबिटेट क्लब में किया जा रहा है।
यह शिविर प्रतिदिन सुबह 6 से सुबह 7ः30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार को ब्लॉक सोनीपत, मुरथल, राई, खरखौदा व अन्य क्षेत्रों के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता, पीटीआई, डीपीई को योग विशेषज्ञ संगीता देवी व सहायक मोहित, नीरज एवं रेनू की ओर से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर में 185 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसी प्रकार गोहाना, कथूरा एवं मुंडलाना ब्लॉकों के लिए हंस ध्वनि ऑडिटोरियम, गोहाना में जिला योग को-ऑर्डिनेटर डाॅ. विनोद कुमार की देखरेख में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस लाइन में डीसीपी नरेंद्र कादियान की अध्यक्षता में 19 मई से तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। वहीं, जिला कारागार में 2 मई से 21 जून के मध्य पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नियमित योगाभ्यास भी करवाया जाएगा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल खेवड़ा में भी तीन दिवसीय योग प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।