संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। आयुष विभाग की ओर से आयोजित इस योग मैराथन का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना व स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राम अवतार सिंह ने बताया कि योग मैराथन का आयोजन 15 जून को सुबह 6 बजे किया जाएगा। इसका शुभारंभ लघु सचिवालय से होगा। योग मैराथन में मुख्यत: दो कैटेगरी होगी।
प्रथम कैटेगरी 40 वर्ष तक पुरुष व महिला और द्वितीय कैटेगरी में 40 वर्ष से ऊपर पुरुष व महिला निर्धारित की है। चार कैटेगरी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करता है।
उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में योग मैराथन में भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।