संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक चेतना और वैश्विक नेतृत्व का प्रतीक बन चुका है। यह केवल प्राचीन परंपरा नहीं बल्कि विश्व को स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश देने वाली भारत की सबसे प्रभावी सॉफ्ट पावर है। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर किया।
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि योग शरीर को ऊर्जा, मन को शांति और जीवन को संतुलन प्रदान करने वाली शैली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली। आज दुनिया के अधिकांश देशों में इसे अपनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
ग्रामीण क्षेत्र में बनी व्यायामशालाओं की खराब स्थिति पर उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि कहीं व्यायामशाला में कोई कमी या परेशानी है तो वह मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर वहां सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इंसेट
योग सभ्यता और संस्कारों की अमूल्य विरासत
मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा ने कहा कि योग भारत की ऋषि परंपरा की अनमोल देन है। इसे जन-जन तक पहुंचाना और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना समय की मांग है। इस अवसर पर योग साधकों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, एडीसी अजय चोपड़ा आदि मौजूद रहे।