फोटो 27: सोनीपत के मिमारपुर घाट के पास खेतों से सटकर बहती यमुना। संवाद
सोनीपत/गन्नौर। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे किसानों व आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। हथिनी कुंड बैराज से रह-रहकर पानी छोड़ा जा रहा है। इससे यमुना उफान पर हैं। सोनीपत क्षेत्र में यमुना नदी में इस समय 1.78 लाख क्यूसेक पानी बह रहा है।
यमुना का रौद्र रूप दिखाई देने लगा है। यमुना से सटे जगदीशपुर, चंदौली व मिमारपुर के खेतों में पानी घुस गया है मगर अभी नुकसान की आशंका नहीं है।
यमुना में 1.78 लाख क्यूसेक पानी बहने की वजह से लोगों को चिंता सता रही है कि कहीं पानी तटबंध को तोड़कर उनके गांवों की तरफ न आ जाए। रात से ही रह-रहकर पानी छोड़ा जा रहा है। वह आसानी से दिल्ली की तरफ निकल रहा है।
बेगा घाट के पास यमुना का पानी भंडार (यमुना नदी के तटबंध से अंदर का क्षेत्र) के साथ बह रहा है। खादर क्षेत्र के गांव बेगा, पीरगढ़ी, पबनेरा और चंदौली में किसानों को डर है कि नदी का पानी और बढ़ा तो उनकी फसलों में घुस जाएगा।
उनकी फसल बर्बाद होगी ही साथ ही पूरा गांव पानी से घिर सकता है। अब जलस्तर और बढ़ता है तो सैकड़ों एकड़ में सब्जियां और अन्य फसलें डूब सकती हैं। प्रशासन भी एक्टिव मोड में आ गया है। चौबीस घंटे यमुना के बढ़ते जलस्तर पर निगाह रखी जा रही है।