गन्नौर। नगर पालिका की ओर से शहर के 17 वार्डों में 50-50 लाख रुपये के होने वाले विकास कार्यों के लिए लगाए गए टेंडर फ्रीज हो गए हैं। एक्सईएन के सत्यापन नहीं करने की वजह से ऐसी समस्या आई है। टेंडर प्रक्रिया रुकने के कारण वार्ड 15 की पार्षद ने एसडीएम प्रवेश कादियान को शिकायत दी है।
पार्षद शिवानी जैन ने कहा कि नगर पालिका के सभी पार्षद लंबे समय यह टेंडर लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन नपा अधिकारी बार-बार किसी न किसी बहाने से टेंडर नहीं लगने दे रहे हैं। इससे शहर के विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से मामले में संज्ञान लेते हुए टेंडर लगवाने की मांग की है।
कई बार बैठक भी छोड़ चुके हैं पार्षद
लंबे समय से पार्षद विकास कार्यों को लेकर टेंडर लगाने की मांग कर रहे थे। पार्षदों के लगातार दो बार बजट बैठक को बीच में छोड़ दिया गया था लेकिन पिछली बार हुई बैठक में पार्षदों को आश्वासन मिलने के बाद बैठक सफल हुई थी। आम बैठक में विधायक देवेंद्र कादियान ने भी अधिकारियों को सभी वार्डों में 50-50 लाख रुपये के टेंडर लगाने के निर्देश दिए थे। सभी वार्डों के लिए बराबर बजट निर्धारित कर अधिकारियों ने एस्टिमेट तैयार करने के बाद टेंडर लगाए थे।
यह होने हैं काम
टेंडर में मुख्य रूप से गलियों का निर्माण, नालियों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट लगाना, इंटरलाॅकिंग टाइल्स बिछाना व अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को दुरुस्त करना शामिल है।
वर्जन
पालिका अभियंता व अकाउंटेंट ने टेंडर वेरिफाई कर दिए लेकिन कार्यकारी अभियंता के छुट्टी पर जाने के कारण वह टेंडर सत्यापित नहीं कर पाए। निदेशालय की तरफ से टेंडर को फ्रीज कर दिया गया है। मैं खुद पंचकूला जा कर टेंडर अनफ्रीज करवाऊंगा। सारी प्रक्रिया पूरी करवा कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करवाएंगे। -प्रदीप खर्ब, सचिव, नगर पालिका।