फोटो 28 : सोनीपत के ककरोई रोड पर निर्मित जल शोधन संयंत्र पर निरीक्षण करने पहुंचे निगम आयुक्त हर
सोनीपत। रेलवे लाइन पार (पश्चिमी) क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अब पानी के लिए तरसना नहीं पड़ेगा। 23.33 करोड़ रुपये से निर्मित जल शोधन संयंत्र का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र के डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को डब्ल्यूटीपी से पानी मिलने लगेगा। निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने वीरवार को डब्ल्यूटीपी का निरीक्षण कर एजेंसी को अगले सप्ताह तक पानी आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए।
रेलवे लाइन पार क्षेत्र की आबादी को 22 एमएलडी पानी की जरूरत है। वर्ष 1998 में महलाना रोड पर बने 18 एमएलडी क्षमता वाले प्लांट से आने वाला पानी क्षेत्र के लिए कम पड़ रहा है। नगर निगम के पास आपूर्ति के लिए 17 एमएलडी पानी उपलब्ध है। डब्ल्यूटीपी से अब 15 एमएलडी पानी मिल सकेगा। अब दहिया काॅलोनी, मायापुरी, कीर्ति नगर, सरस्वती विहार, देवीलाल कॉलोनी, गढ़ी ब्राह्माणान, विशाल नगर, वेस्ट राम नगर, भगत सिंह कॉलोनी, कालूपुर, बाबा कॉलोनी, मोहन नगर, लहराड़ा, आर्य नगर, इंडियन कॉलोनी, मयूर विहार समेत कई कालोनियों को फायदा हो सकेगा।
निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने रोहतक रोड से ककरोई रोड तक बनाए जाने वाले मिनी बाईपास का निरीक्षण किया। साथ ही ककरोई रोड के निर्माण को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को सीवरलाइन डालने के निर्देश दिए। उसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके सड़क निर्माण करने की कार्रवाई अमल में लाई। इस दौरान उनके साथ कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग, सहायक अभियंता नरेंद्र सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।