हरियाणा के सोनीपत में भारतीय कुश्ती संघ के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों ने रविवार को दिल्ली में नए संसद भवन के सामने महिला पंचायत का आह्वान किया है। इसमें हरियाणा व पंजाब के किसान संगठन व जत्थेबंदियों के साथ ही कई सामाजिक व राजनीतिक संगठन व खाप शामिल होने की घोषणा कर चुकी हैं।
दिल्ली पुलिस ने सभी बॉर्डर को सील करने की घोषणा कर दी है। बॉर्डर सील होने पर वाहनों को जांच के बाद जरूरी काम होने पर ही दिल्ली में प्रवेश दिया जाएगा, जिससे कुंडली बॉर्डर पर जाम की स्थिति बन सकती है। इससे निपटने के लिए पुलिस ने चार कंपनी तैनात कर दी है।
जंतर-मंतर पर पहलवान ओलंपियन बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक व विनेश फोगाट लगातार धरना दे रहे हैं। पहलवानों ने रविवार को महिला पंचायत बुलाई है। दिल्ली पुलिस पहले से ही अलर्ट हो गई है। पुलिस ने दिल्ली से लगते सभी बॉर्डर सील करने की बात कही है। दिल्ली पुलिस ने पड़ोसी राज्यों से कहा है कि वह दिल्ली में प्रवेश से पहले ही वाहनों को रोक लें।
सोनीपत पुलिस ने भी चौकसी बढ़ा दी है। सोनीपत पुलिस की चार कंपनी बॉर्डर पर तैनात कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस का सहयोग किया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने अपने क्षेत्र में नाकाबंदी की तैयारी शुरू कर दी है। बताया गया है कि देर रात को ही बैरिकेड लगाने की तैयारी है। दिल्ली पुलिस ने वाटर कैनन, रेत से भरे डंपर व क्रेन भी बॉर्डर पर खड़ा करने की तैयारी शुरू कर दी है।
अलर्ट रहेगी सोनीपत पुलिस
दिल्ली पुलिस की तरफ से सुरक्षा बढ़ाने के बाद सोनीपत पुलिस भी अलर्ट है। पुलिस टीम ने करीब 400 जवानों को तैनात करने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया गया है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही किसी को कानून तोड़ने की इजाजत नहीं रहेगी।
दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। सोनीपत पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। चार कंपनी तैनात कर दी गई है। कानून व्यवस्था को लेकर बेहतर रखा जाएगा।
-विजय सिंह, डीसीपी क्राइम