फोटो 02- सोनीपत के ककरोई रोड स्थित युद्धवीर अखाड़ा की पहलवान राखी पदक जीतने के बाद प्रमाणपत्र ल
सोनीपत। दिल्ली में आयोजित बाल-बालिका केसरी दंगल में जिले के पहलवानों ने तीन पदक जीते। पहलवानों ने दंगल में विभिन्न वर्गों में स्वर्ण व दो कांस्य जीते हैं। डॉ. भीमराव आंबेडकर की याद में रविवार को दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित रामलीला मैदान में दंगल आयोजित किया गया था। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से करीब 300 पहलवानों ने प्रतिभागिता की थी।
ककरोई रोड स्थित युद्धवीर अखाड़ा की पहलवान ने बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। प्रशिक्षक कुलबीर राणा ने बताया कि पहलवान राखी ने दंगल के बालिका वर्ग के 50 किलो भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने बताया कि राखी मूलरूप से झज्जर के गांव लडरावण की रहने वाली हैं, वह करीब तीन साल से अखाड़ा में अभ्यास करती है। उनके पिता प्रतिदिन झज्जर से सोनीपत अखाड़े में दूध देने आते हैं। राखी ने इससे पहले राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भी रजत पदक जीता था।
गांव जुआं स्थित चौ. खजान सिंह व्यायामशाला (अखाड़ा) के दो पहलवानों ने दंगल में दो कांस्य पदक जीते हैं। प्रशिक्षक संजीत पहलवान ने बताया कि दंगल के बाल वर्ग में रुपेश ने 40 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं रोहित ने भी कांस्य पदक जीता है। पदक विजेता पहलवानों को दंगल में प्रमाणपत्र व गदा देकर सम्मानित किया गया। पदक विजेताओं को अखाड़ा संचालक पहलवान देवी सिंह, हिंद केसरी युद्धवीर पहलवान, प्रशिक्षक सीमा राणा, समीक्षा राणा, रेलवे के प्रशिक्षक राजबीर छिक्कारा, प्रशिक्षक सुरेंद्र, वायु सेना प्रशिक्षक डालमिया व वीरेंद्र छिक्कारा ने बधाई दी।
फोटो 02- सोनीपत के ककरोई रोड स्थित युद्धवीर अखाड़ा की पहलवान राखी पदक जीतने के बाद प्रमाणपत्र ल