सोनीपत। खरखौदा के प्रताप स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सोनीपत के मयूर विहार स्थित रविंद्र छिक्कारा कुश्ती अकादमी के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक जीते। अकादमी के चार पहलवानों ने स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि एक पहलवान ने रजत पदक जीता।
प्रशिक्षक रविंद्र छिक्कारा ने बताया कि प्रतियोगिता में 110 किलोग्राम भारवर्ग में हार्दिक ओहल्याण, 65 किलोग्राम में निशांत, 80 किलोग्राम में दीक्षांत और 67 किलोग्राम में अंकुश ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं, 67 किलोग्राम भारवर्ग में पुनीत ने रजत पदक हासिल किया। स्वर्ण पदक विजेता पहलवान अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हार्दिक ने लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण
110 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले हार्दिक ओहल्याण ने लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। पिछले वर्ष भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था और इसके बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था। इस बार भी उनकी निगाहें राष्ट्रीय स्तर पर पदक का रंग बदलने पर रहेंगी।
अकादमी में जश्न, पहलवानों के स्वागत की तैयारी
पहलवानों की उपलब्धि के बाद अकादमी में खुशी का माहौल है। पदक विजेता पहलवानों का स्वागत किया जाएगा। प्रशिक्षक ने खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि लगातार अभ्यास और बेहतर तकनीक के दम पर अकादमी के पहलवान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
फोटो: हार्दिक- फोटो : Department
फोटो: हार्दिक- फोटो : Department
फोटो: हार्दिक- फोटो : Department
फोटो: हार्दिक- फोटो : Department