सोनीपत। पहलवान अमित उर्फ मुन्ना और अंकित गुलिया का चयन सीनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए हुआ है। पहलवानों के चयन से गांव जुआं व जाजी में खुशी का माहौल है। दोनों पहलवान एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर दमखम दिखाने के लिए तैयार हैं। प्रतियोगिता 13 सितंबर से क्रोएशिया की राजधानी जगरेब में होगी।
प्रशिक्षक संजीत व डालमिया ने बताया कि सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए लखनऊ में ट्रायल आयोजित हुए। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) की तरफ आयोजित ट्रायल के फ्रीस्टाइल वर्ग में जुआं अखाड़ा के पहलवान अमित उर्फ मुन्ना ने 79 किलो में अपना चयन कराया है।
अमित उर्फ मन्ना अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए पहले ही टिकट कटवा चुके हैं। अमित ने 8 से 13 जुलाई तक किर्गिस्तान के बिश्केक में हुई अंडर-20 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक दिलाया था। जून में मंगोलिया में हुई तीसरी रैंकिंग सीरीज में कांस्य पदक जीता था। वह इससे पहले दो बाद एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
गांव जाजी निवासी अंकित गुलिया का भी चयन विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह 72 किलोग्राम ग्रीको रोमन वर्ग में भाग लेंगे। अंकित गुलिया लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे है। उन्होंने पिछले साल मिस्र के शहर एलेक्जेंड्रिया में हुए इब्राहिम मुस्तफा टूर्नामेंट (द्वितीय रैंकिंग सीरीज) में कांस्य पदक जीता।
किसान बहादुर सिंह के घर जन्मे अंकित गुलिया गांव जुआं अखाड़े में कोच संजीत के पास अभ्यास करते हैं। अंकित गुलिया वर्ष 2019 में चीन में आयोजित अंडर-15 एशिया चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं। उनका चयन भारतीय सेना में हो चुका है। अमित उर्फ मुन्ना व अंकित ने कहा कि परिवार के साथ ही उनके गुरुओं ने उन्हें सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
प्रशिक्षक संजीत ने बताया कि दोनों पहलवान पूरी तरह से फिट हैं। उन्होंने इस बार प्रतियोगिता के लिए अपनी रणनीति बहुत मजबूत की है। वह हर स्तर पर खुद को साबित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पहलवानों को अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक बलवंत छिक्कारा, डालमिया, रविंद्र छिक्कारा, आरएस छिक्कारा, राजेश छिक्कारा ने बधाई देते हुए अग्रिम शुभकामना दी हैं।
फोटो :10: पहलवान अंकित गुलिया।