सोनीपत। ककरोई रोड स्थित युद्धवीर अखाड़ा की पहलवान आशु ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में आयोजित दंगल में शानदार प्रदर्शन कर भारत कुमारी का खिताब अपने नाम किया है। वहीं, अखाड़े की प्रतिभाशाली पहलवान बिपाशा ने भारत केसरी दंगल में उपविजेता बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रशिक्षक कुलबीर राणा ने बताया ने मिर्जापुर में 6 व 7 अक्तूबर को हुए दंगल में नामी पहलवानों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में आशु ने बेहतरीन दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन कर प्रतिद्वंदी को परास्त किया और भारत कुमारी का ताज जीत लिया।
बिपाशा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते कर फाइनल तक का सफर तय किया और भारत केसरी में उपविजेता का खिताब हासिल किया।
आयोजकों की ओर से विजेता पहलवान आशु को 50 हजार रुपये व उपविजेता बिपाशा को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं अखाड़े की पहलवान स्नेहा ने भी दंगल में सात हजार रुपये का इनाम जीता।
विजेता पहलवानों को सीटीएम डॉ. अनमोल, जिला खेल अधिकारी मनोज यादव, प्रशिक्षक सीमा राणा, समीक्षा खरब, अखाड़ा संचालक देवी सिंह, हिंद केसरी युद्धवीर राणा ने बधाई दी है।