सोनीपत। भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास अपनों के लिए भी समय नहीं है। ऐसे में कुछ विरले ऐसे भी हैं जो व्यस्तता के बावजूद जनहित के कार्याें के लिए समय निकाल ही लेते हैं। इन्हीं में से एक हैं सेक्टर-23 निवासी देवेंद्र सूरा, जो चंडीगढ़ पुलिस में कार्यरत हैं। पर्यावरण संरक्षण और धरा को हरा-भरा बनाने के लिए किए गए उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें ट्रीमैन उपनाम दिया गया है।
चंडीगढ़ पुलिस में तैनात सोनीपत के लाडले देवेंद्र सूरा जिले के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रहे हैं। करीब 11 साल पहले शुरू की गई मुहिम के तहत एथलीट रहे देवेंद्र सूरा अब तक 2.16 लाख पौधे लगा चुके हैं। यही नहीं पर्यावरण को शुद्ध और धरती को हरा-भरा बनाने के लिए वह अपने वेतन से करीब 36 लाख रुपये का लोन ले चुके हैं। इस राशि से विभिन्न किस्मों के पौधे खरीदकर रोपे हैं। यहीं नहीं रोपे गए पौधे पेड़ बन सकें, इसके लिए उनकी देखभाल भी करते हैं। पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में देवेंद्र सूरा के साथ अब करीब 10 हजार युवा जुड़कर पर्यावरण संरक्षण को मजबूती दे रहे हैं। देवेंद्र सूरा का अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
निशुल्क मुहैया कराते हैं पौधे
देवेंद्र सूरा ने बताया कि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध वायु देने व पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू की गई मुहिम रंग ला रही है। पर्यावरण परिवार की तरफ से सोनीपत-गोहाना मार्ग पर जनता नर्सरी स्थापित की हुई है। इसमें हर साल करीब 25 हजार ऑक्सीजन बढ़ाने वाले बड़, पीपल व औषधीय पौधे तैयार कर विभिन्न स्थानों पर लगाए जाते हैं। यही नहीं नर्सरी में आने वाले लोगों को पौधे निशुल्क मुहैया करवाए जाते हैं।
किसान खेतों में करें पौधरोपण
देवेंद्र सूरा ने कहा कि गर्मी के सीजन में इस बार भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान भी 47 डिग्री तक पहुंच गया है। इसका मुख्य कारण पेड़-पौधों की कमी है। कहीं विकास के नाम पर पेड़-पौधों को काटा जा रहा है तो कहीं लाखों पेड़-पौधे आग की भेंट चढ़ रहे हैं। आने वाली पीढि़यों को सुनहरा कल देने के लिए हम सबका कर्तव्य है कि धरा को हरा-भरा बनाने में अपना पूरा सहयोग दें। उन्होंने किसानों से भी आह्वान किया है कि अपने खेतों में पौधरोपण करें, जिससे प्रदेश हरा-भरा बना रहे।