फोटो 13- सोनीपत के मॉडल टाउन में सड़क पर बजरी व तारकोल की मास्टिक लेयर बिछाते मजदूर। संवाद
- फोटो : samvad
सोनीपत। शहर के पॉश एरिया मॉडल टाउन में बारिश से उखड़ी सड़कों पर मास्टिक लेयर बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है। सड़कों का सुधार होने से वाहन चालकों व राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लोगों को गड्ढों का सामना नहीं करना पड़ेगा। मॉडल टाउन के मित्तल नर्सिंग होम से ओल्ड डीसी रोड तक सड़क पर बजरी व तारकोल से मास्टिक लेयर बिछाई जा रही है। इस कार्य पर करीब 36 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
बारिश के दौरान सड़कों पर निकासी की व्यवस्था के चलते कई जगह जलभराव की स्थिति बनती है। यही कारण है कि पक्की सड़कें समय से पहले उखड़ रही हैं। वार्ड-12 के अंतर्गत आने वाले मॉडल टाउन क्षेत्र में भी बारिश से सड़क की ऊपरी परत उखड़ने के बाद लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
स्थानीय लोग कई बार विधायक निखिल मदान व मेयर राजीव जैन से खस्ताहाल सड़काें का सुधार करवाने की मांग करते आ रहे हैं। लोगों की समस्या को देखते हुए विधायक व मेयर ने खस्ताहाल सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग व नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इसके बाद अधिकारियों ने कई खस्ताहाल सड़काें पर पुनर्निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू करवा दिए हैं।
मॉडल टाउन में भी मजदूर रात की रोशनी में सड़कों के मरम्मत कार्य में जुटे हैं। लोगों को आवागमन में जल्द गड्ढों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सड़क पर बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए बजरी व तारकोल से मोटी मास्टिक लेयर बिछाई जा रही है। मरम्मत कार्य को एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मॉडल टाउन क्षेत्र में सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया गया है। ठेकेदार को मरम्मत कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के साथ उच्च स्तर की निर्माण सामग्री का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर ठेकेदार की ओर से कार्य में लापरवाही बरती जाती है तो निमयानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- निखिल मदान, विधायक, सोनीपत