सोनीपत। राठधाना रोड स्थित नामी विश्वविद्यालय के आसपास संचालित नाइट क्लबों पर वीरवार देर शाम हरियाणा महिला आयोग के सदस्य जांच करने पहुंचे लेकिन सूचना पहले ही लीक होने से कार्रवाई बेअसर रह गई। टीम के पहुंचने से पहले ही क्लब बंद हो गए और संचालक मौके से गायब मिले।
महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया के नेतृत्व में टीम ने विवि के सामने व आसपास संचालित कई नाइट क्लबों पर दबिश दी लेकिन अधिकांश स्थानों पर अंधेरा पसरा मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि क्लब मालिकों को पहले ही छापा डाले जाने की जानकारी मिल गई थी जिसके चलते सब कुछ बंद कर भाग गए।
रेस्तरां की आड़ में नशे का खेल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन क्लबों में चाय-नाश्ता और डिनर के नाम पर खुलेआम शराब परोसी जाती है और नशाखोरी होती है। कई जगह कमरों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है जिससे संदिग्ध गतिविधियों की आशंका बढ़ जाती है।
रेड फेल होने पर चेयरपर्सन नाराज
रेणु भाटिया ने कार्रवाई के लीक होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब इन क्लबों में फिर से कार्रवाई की जाएगी।
वीरवार को उमड़ती है सबसे अधिक भीड़
बताया जा रहा है कि वीरवार को विवि के छात्रों को बाहर जाने की अनुमति मिलती है जिसके चलते नाइट क्लबों, ठेकों और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ जुटती है। कई बार नशे में छात्र इधर-उधर घूमते नजर आते हैं।
खुद कार चलाकर पहुंचीं रेणु भाटिया
छापा डालने के दौरान चेयरपर्सन खुद कार चलाकर मौके पर पहुंचीं, जिससे पुलिस व अन्य विभागों में हड़कंप मच गया। रेणु भाटिया ने कहा कि उन्हें गुप्त शिकायत मिली थी लेकिन सूचना लीक होने के कारण मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंचा जा सका।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लीक करने वालों की भी पहचान की जाएगी। साथ ही अगली बार पूरी रणनीति से कार्रवाई की जाएगी। उनका फोकस युवाओं के भविष्य पर है।
फोटो :: सोनीपत में राठधना रोड स्थित नाइट क्लबों पर जांच करने पहुंची महिला आयोग की चेयरपर्सन रेण