सोनीपत। अजरबैजान की राजधानी बाकू में आयोजित होने वाली अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय महिला कुश्ती टीम के चयन ट्रायल रविवार को सोनीपत के बहालगढ़ स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) क्षेत्रीय केंद्र में आयोजित किया जाएगा।
पहले यह ट्रायल नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रस्तावित थे लेकिन वहां चल रहे मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य के कारण आयोजन स्थल को बदलकर बहालगढ़ कर दिया गया है।
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के विनोद तोमर ने बताया कि अंडर-17 विश्व फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन और महिला कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त तक अजरबैजान के बाकू में होगा। इसी प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम का चयन करने हेतु ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं।
महिला कुश्ती वर्ग के चयन ट्रायल 14 जून को सुबह 10 बजे से साई क्षेत्रीय केंद्र, बहालगढ़ में आयोजित होंगे। वहीं, फ्रीस्टाइल और ग्रीको रोमन वर्ग के ट्रायल 15 जून को लखनऊ स्थित एनएसआरसी, साई केंद्र में आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्तर की पदक विजेता पहलवान लेंगी हिस्सा
चयन ट्रायल में वर्ष 2026 की अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप और अंडर-17 ओपन नेशनल रैंकिंग प्रतियोगिता के सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर दिया गया है। इसके अलावा थाईलैंड में आयोजित होने वाली अंडर-20 और अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए चयनित आयु वर्ग के योग्य पहलवान भी ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगे।
सुबह सात बजे होगा वजन परीक्षण
डब्ल्यूएफआई के अनुसार ट्रायल के दिन सुबह 7 बजे खिलाड़ियों का वजन परीक्षण किया जाएगा। पहले पांच भार वर्गों में एक किलोग्राम तथा ऊपरी पांच भार वर्गों में दो किलोग्राम तक वजन में छूट दी जाएगी। चयन प्रक्रिया अनुभवी तकनीकी अधिकारियों की निगरानी में संपन्न होगी।
पासपोर्ट और फोटो साथ लाना अनिवार्य
महासंघ ने स्पष्ट किया है कि सभी खिलाड़ियों को ट्रायल में भाग लेने के लिए अपना पासपोर्ट और हालिया फोटो साथ लाने होंगे। इन दस्तावेजों के बिना किसी भी खिलाड़ी को चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही चयन पूरी तरह ट्रायल प्रदर्शन के आधार पर होगा पूर्व उपलब्धियों को आधार नहीं माना जाएगा।
साई बहालगढ़ में तैयारियां पूरी
विश्व स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम के चयन को देखते हुए साई क्षेत्रीय केंद्र बहालगढ़ में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ट्रायल के दौरान देशभर से आने वाली महिला पहलवानों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। खेल प्रेमियों की नजरें भी इस चयन प्रक्रिया पर टिकी रहेंगी, यहीं से विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला पहलवानों का चयन होगा।