फर्जी कागजातों का सहारा लेकर दीमापुर, नगालैंड से बनवाए गए गन लाइसेंस क मामले में अब एक महिला का नाम भी सामने आया है। गन्नौर थाने में महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। लाइसेंस महिला के पति ने बनवाया था, लेकिन उसकी हत्या के बाद वह महिला के नाम ट्रांसफर हो गया था।
थाना गन्नौर पुलिस ने गांव बजाना कलां निवासी सुमन के खिलाफ दीमापुर, नगालैंड से फर्जी तरीके से गन लाइसेंस बनवाने का मामला दर्ज किया है। खुबडू चौकी प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि पिछले दिनों पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ दीमापुर से गलत कागजात के बल पर पिस्तौल के लाइसेंस बनवाने के मामले का खुलासा किया था। जिस पर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह ने इस मामले में सभी के शस्त्र लाइसेंस जांच करने के निर्देश दिए थे। जब उनकी टीम ने जांच की तो गांव बजाना कलां में सुमन पत्नी स्व.सुरेंद्र का लाइसेंस दीमापुर से बना हुआ मिला। जांच में पता लगा कि लाइसेंस को सुरेंद्र ने अपने नाम से बनवाया था।
उसकी हत्या के बाद सुमन ने लाइसेंस अपने नाम करवा लिया। पुलिस ने सुमन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी अजीत सिंह ने बताया कि स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम के साथ जिले भर के थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वह जांच कर पता लगाए कि दीमापुर से कितने लाइसेंस बने हैं। इसी कड़ी में गन्नौर थाना में महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब तक 36 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है।