सांसद रमेश कौशिक ने सोमवार को सोनीपत रेलवे स्टेशन पर महिला स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली की तरफ रवाना किया। रेलवे की तरफ से सोमवार को फिर से महिला स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। दिसंबर 2022 में रेलवे ने कोहरा पडऩे के दौरान ट्रेन का संचालन रोक दिया था। चार माह बाद ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू होने से महिला यात्रियों की परेशानी दूर हो सकेगी। ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के दौरान राई से विधायक मोहन लाल बडौली, गन्नौर की विधायक निर्मल चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन भी मौजूद रही।
सोनीपत स्टेशन पर झंडी दिखाकर ट्रेन को दिल्ली की तरफ किया रवाना
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि महिला यात्रियों की समस्या को देखते हुए फिर से ट्रेन का संचालन कराया गया है। महिला यात्रियों को स्पेशल ट्रेन में यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सभी समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। वह यात्रियों की अन्य मांगों को भी उठाते रहेंगे। सोनीपत स्टेशन को ए ग्रेड श्रेणी में शामिल किया गया है। यहां से रोजाना करीब 40 हजार यात्री दिल्ली व पानीपत की तरफ यात्रा करते हैं। ऐसे में महिला स्पेशल के बंद होने से महिला यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ये लोग रहे मौजूद
महिला यात्री कमलेश, सोनिया, किरन, संगीता, ज्योति व मोनिका ने बताया कि महिला स्पेशल ट्रेन का संचालन बंद होने से उन्हें भीड़भाड़ के बीच पुरुषों के साथ सफर करना पड़ रहा था। उन्होंने ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू करने के लिए विधायक सुरेंद्र पंवार को भी शिकायत की थी। अब रेलवे को महिला स्पेशल ट्रेन का संचालन रोजाना करना चाहिए। दूसरी पैसेंजर ट्रेनों में यात्रा करने के दौरान कई बार सीट को लेकर जद्दोजहद करनी पड़ती है। इस मौके पर दिल्ली मंडल के रेल प्रबंधक डिंपी गर्ग, निगम पार्षद पुनीत त्यागी, इंदु वलेचा, आरपीएफ थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी महावीर मौजूद रहे।
पहलवानों के मामले में दर्ज हो चुका मुकदमा, कानून अपना काम कर रहा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों को लेकर सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि यह कानूनी मामला है और कानून अपना काम कर रहा है। दिल्ली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिसकी जांच जारी है। सांसद ने कहा कि वह इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने महिला स्पेशल ट्रेन चलवाने का वादा किया था, जिसे आज पूरा कर दिया है। आगे भी यात्रियों की अन्य समस्याओं को दूर कराया जाएगा।