कुंडली/सोनीपत। गांव प्रीतमपुरा के सरपंच की पत्नी की संदिग्ध अवस्था में शनिवार को मौत हो गई। महिला की मौत फंदा लगाने से बताई जा रही है। पुलिस ने उसका शव सामान्य अस्पताल से कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सरपंच की पत्नी की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस भी मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
शव मिलने की सूचना भी पुलिस के पास दो स्थानों से पहुंची। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महिला के मायके वाले भी उसकी मौत फंदा लगाने से बता रहे हैं।
गांव प्रीतमपुरा निवासी प्रीति (35) की शुक्रवार रात को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। प्रीति गांव प्रीतमपुरा के मौजूदा सरपंच अनिल की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के प्रीति ने घर में फंदा लगा लिया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे वहां मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह शव को नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। अस्पताल से इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसी बीच सूचना यह भी आई थी कि सरपंच की पत्नी का शव सेक्टर-7 क्षेत्र में सुनसान स्थान पर पड़ा था और वहां से किसी ने इसे अस्पताल पहुंचाया है। इसकी सूचना मिलते ही डीएसपी हरेंद्र, थाना कुंडली प्रभारी रवींद्र व थाना सदर प्रभारी रमेशचंद्र दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक बातचीत के बाद कुंडली थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई की। पुलिस ने प्रीति के भाई चिराग दिल्ली निवासी कपिल के बयान पर 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। महिला के भाई ने उसकी बहन के फंदा लगाकर जान देने की बात कही है।
शव अलग-अलग जगह से मिलने की सूचना
पुलिस का कहना है कि महिला का शव सेक्टर-7 में मिलने की सूचना मिली थी। बाद में निजी अस्पताल में महिला के मौत की सूचना मिली। पुलिस अस्पताल में पहुंची तो सामान्य अस्पताल के शव बरामद किया गया। पुलिस अब इस पहलु की भी जांच करेगी कि शव कहां से लाया गया। शव प्रीतमपुरा से आया तो सेक्टर-7 से शव मिलने की सूचना किसने दी थी।
सरपंच से भी पुलिस ने की पूछताछ
सामान्य अस्पताल में आए सरपंच पति को पुलिस अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गई। उससे मामले को लेकर पूछताछ की गई। हालांकि बाद में उसे अस्पताल में ही लेकर आ गई।
चिकित्सकों के बोर्ड से कराया पोस्टमार्टम
पुलिस मामले में हर पहलु से जांच कर रही है। इसी के चलते पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से कराया है। जिसके बाद बिसरा भी जांच के लिए मधुबन भेज दिया है।
एक ही परिवार में हुई है दो बहनों की शादी
प्रीति की बड़ी बहन की शादी भी सरपंच अनिल के बड़े भाई के साथ हुई है। प्रीति को दो बेटियां है। घटना के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सही कारण का पता चलेगा
गांव प्रीतमपुरा में सरपंच की पत्नी की मौत को लेकर उसके भाई कपिल ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। उसके बयान पर कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से कराया गया है। साथ ही बिसरा भी जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के असल कारणों का पता लग सकेगा। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दो स्थानों से शव मिलने की सूचना की भी जांच कराई जाएगी।
हरेंद्र कुमार, डीएसपी