सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में भरे बरसात के पानी से गुजरते वाहन सवार।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। जिले में शनिवार को हुई तेज बारिश ने शहर में ड्रेन व नालों की सफाई व्यवस्था की पोल फिर से खोलकर रख दी। सीवर ओवरफ्लो होने से दूषित पानी सड़क पर बहने लगा। शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। कई घंटे बाद पानी की निकासी हो सकी। वहीं बारिश से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई। बारिश से किसानों को काफी फायदा हुआ है।
शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हुए थंडरस्टॉर्म की वजह से जिले के अधिकतर क्षेत्रों में बरसात हुई। दोपहर के समय तेज बारिश के बाद देर शाम तक बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। इस दौरान शहर वासियों को परेशानियां झेलनी पड़ी। कई क्षेत्रों में सीवरेज जाम होने की वजह से गलियों में पानी भर गया। बारिश से जिससे अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार सप्ताह के अंत तक आसमान में बादल मंडराते रहेंगे और बरसात के आसार बने रहेंगे। बारिश से धान उत्पादक किसानों का काफी फायदा हुआ है।
ठप होकर रह गई सीवर व्यवस्था
सीवरेज सफाई का कार्य सही नहीं होने से शहर में सड़कों पर जलभराव हो गया। सीवरेज सफाई न होने के कारण काफी देर तक सड़कों पर पानी भरा रहा। शहर के गीता भवन चौक, शनि मंदिर व सारंग रोड स्थित अंडरब्रिज में बारिश रुकने के बाद भी पानी भरा था।
बत्रा पेट्रोल पंप के पास सड़क धंसी
बारिश के बीच शनिवार को गीता भवन से आगे बत्रा पेट्रोल पंप के पास सड़क धंस गई। जिससे लोगों को परेशानी हुई।
जिले में औसतन 12 एमएम हुई बारिश
शनिवार को जिले में औसतन 12 एमएम बारिश हुई। सोनीपत क्षेत्र में 18 एमएम, गोहाना ब्लाक में 10 एमएम व गन्नौर ब्लाक में 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। खरखौदा में बूंदाबांदी हुई।
गन्नौर में बिगड़े हालात
गन्नौर में शनिवार को हुई बारिश से शहर जलमग्न हो गया। शहर की सड़कें नालों में तब्दील हो गई। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहरी क्षेत्र में जलभराव से दिक्कत का सामना करना पड़ा।