गन्नौर। अंबाला-दिल्ली रेलवे लाइन पर शुक्रवार सुबह गन्नौर स्टेशन पर होशियारपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा स्टेशन पर रेलवे लाइन पार करते समय हुआ। सूचना पर गन्नौर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जीआरपी चौकी से एसआई भगत सिंह ने बताया कि गांव पुगथला निवासी रानी देवी (41) वृंदावन जाने के लिए दो और महिलाओं के साथ गन्नौर रेलवे स्टेशन पर आई थी। तीनों महिलाएं प्लेटफॉर्म नंबर दो से एक की तरफ लाइन पार कर रही थी। दो महिलाओं ने तो लाइन पार कर ली थी, लेकिन रानी पीछे रह गई। वह रेलवे लाइन पार कर पाती, इससे पहले ही अंबाला से दिल्ली की तरफ जा रही होशियारपुर एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस में शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।