एमटीपी किट बेचते हुए पकड़ी की आरोपी महिला के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम व पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : Sonipat
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव बढ़मलिक में एक महिला को एमटीपी किट बेचते हुए काबू किया है। महिला बिना डिग्री के क्लीनिक चला रही थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आरोपी महिला को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी महिला के खिलाफ राई थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिल रही थी कि गांव बढ़मलिक में एक महिला क्लीनिक पर एमटीपी किट बेचती है। सूचना के बाद सिविल सर्जन के निर्देश पर टीम का गठन किया गया। टीम में उप सिविल सर्जन डॉ. आदर्श शर्मा, डॉ. स्वराज चौधरी, डॉ. सुभाष गहलावत व ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी संदीप हुड्डा को शामिल किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने एक डिकॉय महिला को बढ़मलिक स्थित क्लीनिक पर भेजा। यहां पर क्लीनिक संचालिका ने महिला को 800 रुपये में एमटीपी किट देने की बात कही। उसने क्लीनिक संचालिका कमला को 800 रुपये दिए तो टीम ने उसे एमटीपी किट देते हुए काबू कर लिया। इसके बाद टीम ने आरोपी महिला कमला को पुलिस को सौंप दिया और उसके खिलाफ राई थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया।
वर्जन
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को एमटीपी किट बेचते हुए पकड़ा है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
- इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई