संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला और उनके मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटे को धोखाधड़ी के जाल में फंसाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले बेटे को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर नकदी ऐंठ ली फिर महिला के बैंक खाते का इस्तेमाल संदिग्ध लेनदेन के लिए किया।
पटेल नगर निवासी निर्मला ने मुख्यमंत्री को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रोहित नामक युवक ने जॉब के लिए कार्यालय खोल रखा था। अप्रैल 2025 में वह अपने बेटे वरुण की नौकरी के सिलसिले में उससे संपर्क में आई थी। रोहित ने दिल्ली में अनुबंध आधार पर नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उनसे एक लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार महिला ने अलग-अलग तारीखों में फोन-पे के माध्यम से आरोपी को कई किस्तों में हजारों रुपये दिए। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी उनके बेटे वरुण को कई बार दिल्ली भी लेकर गया।
महिला का कहना है कि उसका बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं दिव्यांग है। इसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे अपने प्रभाव में ले लिया।इस दौरान आरोपी ने उनके एक्सिस बैंक के खाते का गलत इस्तेमाल शुरू कर दिया।
जून 2025 से सितंबर 2025 तक अन्य लोगों से उनके खाते में रुपये डलवाए गए। फिर उसी दिन रकम निकलवाकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी। कुछ राशि नकद भी निकलवाई गई।
निर्मला का कहना है कि उन्हें इस पूरे खेल की जानकारी नहीं थी। मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण उनका बेटा भी स्थिति को समझ नहीं पाया। 5 नवंबर 2025 को प्रमोद और रिंकू नाम के युवकों ने उनके बेटे को फोन कर एक-एक लाख रुपये देने की मांग की।
ऐसा नहीं करने पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि इन लोगों का उनके बेटे से कोई सीधा लेनदेन नहीं था। सभी आरोपी आपस में मिले हुए थे। उनके खाते का इस्तेमाल कर अब परिवार को धमकाकर पैसे वसूलना चाहते थे।
मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में कई लोगों को आरोपी बनाया गया है।