जींद। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सफाई और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का वर्दी भत्ता वेतन के साथ जारी नहीं किए जाने पर बहुद्देशीय जन कल्याण सभा हरियाणा ने कड़ी नाराजगी जताई है। सभा ने इसे कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण और अन्यायपूर्ण व्यवहार बताते हुए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और विभाग के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर वर्दी भत्ता तुरंत बहाल करने की मांग की है।
सभा के प्रधान डॉ. राममेहर वर्मा और उपप्रधान रामकुमार ने कहा कि इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों का वर्दी भत्ता भी रोका गया था।
संबंधित कर्मचारी संगठनों के विरोध के बाद सरकार और विभाग ने उनका भत्ता बहाल कर दिया था। अब सफाई और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का वर्दी भत्ता रोकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ संक्रमण की रोकथाम में अहम भूमिका निभाते हैं।
वहीं, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन में योगदान देते हैं। ऐसे में इन कर्मचारियों को भी अन्य कर्मचारियों की तरह समान सुविधाएं और वित्तीय लाभ मिलने चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए वर्दी भत्ता तत्काल बहाल किया जाए। संवाद