गोहाना। बरोदा रोड पर लगाए गए एटीएम से रुपये निकालने गए युवक का डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए। युवक की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राम बस्ती निवासी संदीप ने बताया कि वह अपने पिता राजकुमार के इंडियन बैंक के खाते से रुपये निकालने के लिए बरोदा रोड स्थित एटीएम पर गया था। पहली बार में तकनीकी खराबी के कारण रुपये नहीं निकल सके। रुपये निकालने के दौरान उनके पीछे खड़े व्यक्ति ने उनका डेबिट कार्ड लेकर दोबारा एटीएम में डाला। इस बार आठ हजार रुपये निकल गए। इस दौरान व्यक्ति ने उनका डेबिट कार्ड बदल लिया। कुछ देर बाद उनके पिता के खाते से चार बार में 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। शहर थाना गोहाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।