तीन दिवसीय गेटवे विंटर कप के उद्घाटन समारोह में पहुंचे अतिथि गेटवे प्रबंधक के अधिकारियों के साथ?
- फोटो : Sonipat
गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को गेटवे प्रथम विंटर कप का शानदार आगाज किया गया। उद्घाटन समारोह गेट के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। मुख्यातिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय रेसलर साउथ एशियन खेलों के स्वर्ण पदक विजेता एवं डीएसपी अंबाला अमित कुमार धनखड़, सेवानिवृत्त एईओ बिजेंदर सिंह बूरा व शारीरिक शिक्षा विभाग के विक्रांत सिंह आंतिल ने शिरकत की। समारोह में गेटवे स्कूल के निदेशक राहुल मंगला, गेटवे महाविद्यालय के निदेशक साहिल अग्रवाल, गेटवे शिक्षा समूह के डायरेक्टर जनरल डॉ. ललित कुमार जैन व स्कूल प्राचार्य प्रेम कुमार ओझा मौजूद रहे। दीप जलाकर गेटवे प्रथम विंटर कप का शुभारंभ किया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को खेल मर्यादा नियमावली की शपथ दिलवाई गई।
गेटवे स्कूल के निदेशक राहुल मंगला ने प्रज्वलित मशाल टीम के खिलाड़ियों को थमाई। विद्यार्थियों ने सरस्वती स्तुति के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 13 फरवरी तक आयोजित खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की खेल दक्षताओं की आजमाइश होगी। विजेताओं व टीमों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा निर्धारित नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी, पदक व मेरिट प्रमाणपत्र से पुरस्कृत किया जाएगा।
तीन दिवसीय गेटवे विंटर कप में प्रदेश के सभी खंडों से 31 टीमों के 12 से 17 आयु वर्ग के करीब 500 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें बास्केटबाल, क्रिकेट, लॉन टेनिस और फुटबाल प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाएंगे। इसमें फुटबाल प्रतिस्पर्धा में 14 से 17 आयु वर्ग के लड़के प्रतिभागिता करेंगे। वहीं क्रिकेट प्रतिस्पर्धा में अंडर 16 आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल होंगे। बास्केटबाल प्रतियोगिता में अंडर 12-14 व 17 आयुवर्ग के लड़के व लड़कियां दोनों प्रतिभा दिखाएंगे। लॉन टेनिस में सिंगल और डबल प्रतिस्पर्धा लड़के व लड़कियों के लिए खेली जाएगी। इसमें अंडर 10-12 और 16 वर्ष के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।