खरखौदा। खरखौदा में हुए शराब घोटाले में जांच का दायरा बढ़ने के साथ नए खुलासे भी हो रहे हैं। अब सामने आया है कि खरखौदा थाने में तैनात एएसआई ने मार्च माह में पकड़ी गई अवैध शराब की खेप में से 151 पेटी शराब गोदाम में दूसरी जगह छिपा कर रख दी थी। गोदाम से शराब गायब होने के मामले की जांच कर रही एसआईटी की जांच में यह मामला सामने आया है। जिस पर एएसआई पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
खरखौदा में शराब माफिया भूपेंद्र की मां के नाम लीज पर लिए गए गोदाम में पुलिस की कस्टडी में रखी गई शराब के गायब होने का मामला सामने आने के बाद एसपी ने एसआईटी गठित कर जांच के आदेश दिए थे। मामले में सामने आया था कि गोदाम में रखी गई शराब में से 5500 पेटी गायब थी। अब जांच के दौरान ही सामने आया है कि इसी वर्ष मार्च माह में पकड़ी गई शराब की अवैध खेप से 151 पेटी और भी गायब है। छानबीन की गई तो शराब की खेप से कम मिली शराब की 151 पेटी गोदाम में ही दूसरी जगह रखी मिली है। छानबीन के बाद मामले के जांच अधिकारी खरखौदा थाना के एएसआई पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
अब तक दर्ज हो चुकी तीन एफआईआर
अब तक इस मामले में पुलिस की तरफ से तीन एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है। शराब गायब होने के बाद दो थाना प्रभारियों सहित सात पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद शराब तस्करी के आरोपी ठेकेदार भूपेंद्र व उसके साथियों पर मुकदमा दर्ज किया गया। अब तीसरे मामले में खरखौदा थाना के एएसआई पर मामला दर्ज हुआ है।
वर्जन
जांच के बाद सामने आया है कि मार्च में पकड़ी गई शराब की खेप में से भी शराब की पेटी गायब है। मामले में अब खरखौदा थाना के एएसआई पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही मामले में गिरफ्तारी की जाएगी। किसी भी दोषी को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।
- जितेंद्र कुमार, एसआईटी प्रभारी व डीएसपी हेडक्वार्टर।